March 28, 2026

संवाददाता
कानपुर। आज विकास भवन में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के मासिक निधि कैंप में जनसेवा का प्रभावी उदाहरण देखने को मिला। 
क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर के अंतर्गत आने वाले सभी 15 जिलों में जिला नोडल अधिकारियों के माध्यम से इसी प्रकार के कैंप आयोजित किए गए, जिनका मुख्य उद्देश्य जिलों में पहुंचकर लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करना एवं चल रही योजनाओं—विशेष रूप से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना—के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
जनपद जालौन में आयोजित कैंप में क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर की टीम के सदस्य राहुल गुप्ता एवं शुभदीप  बाजपेई  की सक्रिय उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम का निरीक्षण पवन सिंह, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम, आंचलिक कार्यालय कानपुर ने ऑब्जर्वर के रूप में किया, उन्होंने मौके पर ही व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कैंप में कुल 17 नियोक्ता उपस्थित रहे, जिनमें से एक प्रमुख संस्थान सेठ वीरेंदर कुमार पब्लिक स्कूल का प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत तत्काल रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि अन्य नियोक्ताओं को भी योजना की विस्तृत जानकारी एवं प्रक्रिया समझाई गई।
पेंशन प्रयास के तहत कुल 7 पेंशनरों के पेंशन फॉर्म सफलतापूर्वक प्रोसेस किए गए। विशेष रूप से इन पेंशनरों के रिटायरमेंट के माह में ही उनके पेंशन प्रयास फॉर्म पूर्ण कर दिए गए, जिससे उन्हें समय पर पेंशन लाभ सुनिश्चित हो सकेगा। साथ ही, उपस्थित पेंशनरों को पीपीओ की कॉपी भी मौके पर उपलब्ध कराई गई।
कैंप के दौरान कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 2 शिकायतें लंबित हैं, जो कर्मचारियों के क्लेम से संबंधित हैं। अधिकांश शिकायतें रजिस्ट्रेशन एवं विभिन्न योजनाओं से जुड़ी हुई थीं।
इस प्रकार, क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर के अंतर्गत सभी जिलों में एक साथ आयोजित इन कैंपों के माध्यम से न केवल लाभार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया, बल्कि योजनाओं की जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुंचाते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *