
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील के उत्तरी गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां हरे नीम के पेड़ों के सहारे नंगे बिजली के तार बांधे गए हैं, जिससे पेड़ों में करंट उतर रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इन तारों के कारण नीम के पेड़ों में करंट आ जाता है। गांव में खेलते समय कई छोटे बच्चों को इन तारों से करंट लग चुका है, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
ग्रामीण ज्ञान सिंह ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उत्तरीपुरा फीडर के अवर अभियंता निर्मल कुमार को भी इसकी जानकारी है, लेकिन वे मामले का संज्ञान नहीं ले रहे हैं।फोन पर शिकायत करने पर अवर अभियंता केवल सही करवा दिया जाएगा का आश्वासन देते हैं, पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ज्ञान सिंह, बल्लू, दिनेश, विमलेश, कमलेश और विपिन सहित अन्य ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष है। वे जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।






