May 20, 2026

• अमन-चैन की दुआओं के लिए उठे लाखों हाथ।

संवाददाता 

कानपुर। शहर की बड़ी ईदगाह में इस बार ईद का त्योहार गहरी आस्था और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही नमाजियों का हुजूम ईदगाह की ओर उमड़ पड़ा, जहां हजारों लोगों ने अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान पूरी ईदगाह परिसर में हर तरफ रूहानी माहौल देखने को मिला।कानपुर की बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस मौके पर शहर एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल पेश करता नजर आया, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग एक-दूसरे की खुशियों में शरीक होते दिखाई दिए।

सुबह की पहली किरण के साथ ही लोग नए कपड़े पहनकर, इत्र लगाकर और चेहरे पर खुशी लिए ईदगाह पहुंचने लगे। बच्चे, बुजुर्ग और नौजवान सभी में खासा उत्साह देखने को मिला। 

नमाज अदा करने से पहले इमाम ने खुतबा पढ़ा, जिसमें उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर रहें और समाज में प्रेम और एकता की मिसाल कायम करें।

नमाज अदा होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह के बाहर भी खुशी का माहौल देखने को मिला, जहां लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलते नजर आए। बच्चों में खासा उत्साह था और वे नए कपड़ों में खिलखिलाते हुए नजर आए। कई स्थानों पर मीठी सेवइयों और पकवानों का दौर भी शुरू हो गया।

इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं, जिससे नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी। यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

शहर के विभिन्न इलाकों से आए नमाजियों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। लोगों ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देता है, जिसे सभी को अपनाना चाहिए।ईद पर शनिवार को पुलिस अधिकारी अलर्ट रहे। जगह जगह पुलिस फोर्स तैनात रहा। नमाज के दौरान ड्रोन से भी निगरानी की गई। साथ ही एलआइयू भी संदिग्धों पर नजर बनाए रहे। 

बड़ी ईदगाह में नमाज के बाद पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डा. विपिन ताडा और एडीएम राजेश कुमार ने बधाई दी। 

इस दौरान क्यूआरटी और पीएसी भी तैनात रही।नमाज के उपरांत जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मौके पर उपस्थित लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और जनपदवासियों के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी और खुशियां साझा कीं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।

Related News