
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर थाना क्षेत्र में मकनपुर स्थित अक्षय पैलेस के बाहर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गेस्ट हाउस में पर्याप्त पार्किंग न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे एक एंबुलेंस, डायल 112 वाहन और बारात की गाड़ियां घंटों फंसी रहीं।
जानकारी के अनुसार, बिल्हौर थाना क्षेत्र में दर्जनों गेस्ट हाउस बिना पर्याप्त पार्किंग सुविधा के संचालित हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गेस्ट हाउस संचालकों की मनमानी के कारण लोगों को आए दिन जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
जाम में फंसे बारातियों और अन्य यात्रियों ने बताया कि वे काफी देर से फंसे हुए थे, जिससे बारात समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रही थी।
बिल्हौर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि जाम लगने की सूचना काफी देर बाद प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पूरी पुलिस टीम भेजकर जाम को खुलवाया गया और यातायात को सुचारू रूप से चालू करवाया गया।






