March 4, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  नगर के बिल्हौर ब्लॉक स्थित अरौल कस्बे में यातायात जाम की समस्या गंभीर बनी हुई है। कस्बे में केवल एक तरफ की सर्विस रोड होने के कारण दिनभर भीषण जाम की स्थिति रहती है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, अरौल कस्बा एक व्यस्त बाजार क्षेत्र है और यह प्रमुख आवागमन मार्ग भी है। शीलू राठौर, श्रवण कुमार चौरसिया, सचिन कटियार और प्रमोद चौरसिया जैसे स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्विस रोड के एकतरफा होने के कारण छोटे-बड़े वाहन अक्सर आमने-सामने फंस जाते हैं, जिससे जाम लगता है।
जाम की स्थिति में एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और दोपहिया चालकों को निकलने में काफी कठिनाई होती है। जल्दबाजी में निकलने के प्रयास कई बार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
क्षेत्रीय निवासियों ने यह भी बताया कि यातायात व्यवस्था की कमी और पुलिस की नियमित निगरानी न होने से स्थिति और अधिक बिगड़ जाती है।विशेषकर सुबह और शाम के समय जाम इतना गंभीर हो जाता है कि पैदल चलने वालों को भी आवाजाही में परेशानी होती है।
स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए अरौल थाना प्रभारी जनार्दन यादव से संपर्क किया है। उनकी प्रमुख मांगों में एक उचित यातायात योजना लागू करना और व्यस्त समय में यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करना शामिल है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो जाम और दुर्घटनाओं की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।
उन्होंने उम्मीद जताई है कि संबंधित अधिकारी जल्द ही इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कदम उठाएंगे।

इस संबंध में अरौल थाना प्रभारी जनार्दन यादव ने बताया कि इस मामले में जल्द से जल्द ठोस कदम उठाया जाएगा।