January 18, 2026

संवाददाता

कानपुर। शिवराजपुर ब्लॉक स्थित काकूपुर गांव में सिविलियन विद्यालय के सामने स्वच्छता की स्थिति चिंताजनक है। स्कूल के सामने कूड़े का ढेर लगा हुआ है। साथ ही सड़क के दोनों तरफ अनियंत्रित तौर पर उगी हुई वनस्पति की समस्या है।
ग्राम प्रधान और सचिव सफाई कर्मचारियों से नियमित सफाई नहीं करवा रहे हैं। स्कूल के सामने कूड़े का ढेर और पीछे की तरफ गोबर का ढेर जमा है। इससे बच्चों को बरसात के मौसम में आने-जाने में परेशानी होती है।
विद्यार्थियों को गंदगी और बदबू से जूझना पड़ता है। गोबर के ढेर से गंभीर बीमारियों का खतरा बना हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रधान और सचिव को इस समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने गांव से बाहर कम्पोस्ट गड्ढे बनवाकर उसमे गोबर डालने का सुझाव भी दिया।
लेकिन ग्राम प्रधान और सचिव की उदासीनता के कारण गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। स्कूल परिसर में स्वच्छता की स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। 

Related News