February 9, 2026

संवाददाता

कानपुर। शिवराजपुर विकासखंड में क्षेत्र पंचायत के अंतर्गत कराए जाने वाले एक विकास कार्य में अनियमितता सामने आई है। यहाँ हो रहा इंटरलॉकिंग का कार्य की निविदा खुलने से पहले ही कार्य शुरू कर दिया गया।

जबकि इसका टेंडर 17 जनवरी 2026 को समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ था। इस कार्य की निविदा आगामी 9 फरवरी को क्षेत्र पंचायत कार्यालय में खोली जाएगी। इसी दिन यह तय होगा कि निविदा डालने वाले ठेकेदारों में से किसे कौन सा कार्य मिलेगा। 

इस निविदा में शामिल एक कार्य ग्राम पंचायत छतरपुर में उषा के खेत से सीताराम वाजपेयी के खेत तक इंटरलॉकिंग निर्माण का है।
स्थानीय निवासियों हरि, रामचंद्र और किशोर ने बताया कि यह निर्माण कार्य लगभग छह महीने पहले ही शुरू हो गया था। कार्यस्थल पर अभी भी निर्माण सामग्री पड़ी हुई है।
इस कार्य के संबंध में अभियंता विवेक सिंह से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि उनकी नियुक्ति छह महीने पहले हुई थी और इस अवधि में उनके द्वारा क्षेत्र पंचायत का कोई भी एस्टीमेट नहीं बनाया गया है।
वहीं, खंड विकास अधिकारी नेमचंद, जो क्षेत्र पंचायत के सचिव भी हैं, ने कहा कि उन्हें उस स्थल पर पूर्व में हुए निर्माण की कोई जानकारी नहीं है। 

Related News