November 18, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
पिछले दो दिनों से कानपुर का मौसम बदला -बदला नजर आ रहा है। बादलों की आवाजाही ने वातावरण को सुहाना बना दिया है, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों को राहत नहीं दी।
हल्की बौछारें पड़ने से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हुई है, मगर आर्द्रता इतनी अधिक है कि पसीना छुड़ाने वाली चिपचिपी गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही की संभावना जताई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस दौरान अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 89 प्रतिशत और न्यूनतम 64 प्रतिशत रही। हवा की गति 1 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई, इसकी दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही। शहर में 24 घंटे में 3.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 4 से 6 अक्तूबर तक कानपुर मंडल सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार अधिकतम 17 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की विदाई अभी फिलहाल नहीं होगी। डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो लगातार आर्द्र हवाएं ला रहा है। इसके चलते मानसून वापसी की परिस्थितियां कम-से-कम 8 अक्तूबर तक अनुकूल नहीं हैं।