
संवाददाता
कानपुर। नगर में गृह विभाग की योजनाओं में बड़ी धांधली सामने आई है। शनिवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने सेन पश्चिम पारा में निर्माणाधीन थाना और आवासीय परिसर के निर्माण कार्य में धांधली पकड़ी है। बिल्डिंग के पिलर में कमियां पाई गई। यही नहीं निर्माण कार्य इंजीनियर की बजाय मिस्त्री के भरोसे छोड़ दिया गया। यहाँ पर कुल 25 करोड़ की योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्ट्रक्चरल डिजाइन में पीडब्ल्यूडी और सीपीडब्ल्यूडी द्वारा कमियां पाई गई हैं। साइट पर कोई भी इंजीनियर नहीं मिला। निर्माण कार्य की निगरानी मिस्त्री व श्रमिकों के ऊपर छोड़ दी गई, जो मानकों के अनुरूप नहीं है।
डीएम ने बताया कि 5 करोड़ रुपए लागत से अधिक की परियोजनाओं में पर्यावरण एनओसी जरूरी होती है, लेकिन वो भी नहीं ली गई। निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से होता पाया गया। कई स्थानों पर बीम भी क्षतिग्रस्त पाई गई। भवन को संरचनात्मक रूप से असुरक्षित घोषित किया जा सकता है।
निर्माण कार्य में कमियां मिलने पर डीएम ने निर्माण एजेंसी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। निर्माण कार्य से संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा एचबीटीयू से स्ट्रक्चर की जांच करने के निर्देश दिए हैं।