March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
घाटमपुर के विभिन्न देवी मंदिरों में नवरात्रि के पहले दिन भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। हाथों में पूजा की थाली लिए लोग जय माता दी उद्घोष करते हुए मंदिर पहुंचे और माता के स्वरूप के दर्शन किए। मंदिर परिसर में सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का  इस्तेमाल किया गया। पुलिस बल मंदिरों के बाहर तैनात रहा।
कुष्मांडा देवी मंदिर की दूर-दराज तक मान्यता है। यहां दूर-दराज से लोग दर्शन करने पहुंचे। 

नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा करने भक्त ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान-ध्यान कर चौकी स्थापित करते हैं। चौकी पर गंगाजल का छिड़काव करके लाल वस्त्र बिछाया जाता है। माता के सभी स्वरूपों की स्थापना के बाद सफेद पुष्प, अक्षत और सिंदूर अर्पित किया जाता है। भक्त गाय के घी से बने भोग का समर्पण करते हैं और दीपक जलाकर आरती उतारते हैं।

दर्शन करने पहुंचे लालू प्रसाद सैनी, योगेश मिश्रा, पुतु पांडेय, गुड्डू पंडित, सत्यम चौहान, सोनू सचान और कुलदीप बाजपेई ने कहा कि मां शैलपुत्री की महिमा अपार है। सच्चे मन से दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर मंदिरों में पुलिस और पीएसी बल तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी तैनात हैं, ताकि आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा सके।
घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने कूष्मांडा देवी मंदिर में माता रानी के दर्शन किए और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मंदिर परिसर में बने शिवलिंग को शाम के समय लाइटिंग से सजाया गया। यह भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया, जहां लोग फोटो और सेल्फी लेते हुए अपनी भक्ति व्यक्त कर रहे थे।