
संवाददाता
कानपुर। तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार सुबह से घने काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आज पश्चिमी के 12 जिलों में आंधी-पानी का यलो अलर्ट जारी है। सोमवार को पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। फिलहाल दिन का पारा कम और रात का अधिक रहेगा।
दिन में बादलों की आवाजाही से अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम 37 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को तूफानी हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। यह सरफेस विंड का रूप भी ले सकती हैं। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। नमी अधिक रहेगी। प्रदेश के कई जिलों में बारिश के कारण उमस की स्थिति बनने से उमस भरी गर्मी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक 5 मई तक हीटवेव और लू से राहत रहेगी। उसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होगी और अधिकतम और न्यूनतम तापमान तेजी से बढ़ेंगे। फिलहाल हवा की औसत गति 10.5 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई है।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं लगातार आ रही है। जब नमी वाली दो नम हवाएं टकराती हैं तो गरज-चमक वाले बादल बनते हैं। 5 मई तक बादलों की आवाजाही और बारिश के आसार बने हुए हैं। नमी के कारण दिन में उमस भरी गर्मी और शाम को मौसम ठंडा होगा।