March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 30 सितम्बर से ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुरू होने जा रही वनडे सीरीज को लेकर शुक्रवार से ऑफलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही क्रिकेट प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे काउंटर खुलते ही बड़ी संख्या में लोग टिकट लेने पहुंचे और पहले ही दिन काउंटरों पर लंबी कतारें लग गईं।
टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पिछले दो दिनों से ऑनलाइन टिकट बुक माय शो पर मिल रही थीं, लेकिन शहर में बड़ी संख्या में ऐसे दर्शक हैं जो ऑफलाइन टिकट खरीदना पसंद करते हैं। इसी कारण शुक्रवार से सात काउंटरों के माध्यम से टिकट बिक्री शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि टिकटों की कीमत 100 से 499 रुपये रखी गई है, ताकि हर वर्ग का दर्शक स्टेडियम में बैठकर मैच का आनंद उठा सके।
गौरतलब है कि ग्रीनपार्क में आठ साल बाद वनडे मैच होने जा रहे हैं। पहला मुकाबला 30 सितम्बर को दोपहर 1:30 बजे खेला जायेगा, जबकि दूसरा 3 अक्टूबर और तीसरा 5 अक्टूबर को होगा।
शहर में बनाए गए 7 काउंटरों में ग्रीनपार्क स्टेडियम के बाहर, बाटू टेलीफोन प्वाइंट गोविंद नगर, बाटू टेलीफोन प्वाइंट लाजपत नगर, यूनिसेफ मोबाइल लाल बंगला, स्माइल स्टोर बिरहाना रोड, हीरा टेलीकम्यूनिकेशन कल्याणपुर और ड्रीम्स टेलीशॉप यशोदा नगर शामिल हैं।
डॉ. कपूर ने बताया कि अब तक एक लाख से अधिक टिकट बिक चुकी हैं। बीसीसीआई द्वारा भारतीय ए टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपे जाने और अभिषेक शर्मा व तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के धमाकेदार प्रदर्शन के चलते दर्शकों में खासा रोमांच है।