
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के इंधना गांव में नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। गांव की निवासी राजरानी ने शिवराजपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने गांव के प्रधान जगत सिंह यादव, सौरभ यादव, पप्पू यादव, सनी यादव और अन्य लोगों पर आरोप लगाया था।
राजरानी का कहना था कि आरोपी उनके पुश्तैनी मकान के बाहर जबरन नाली का निर्माण करा रहे हैं। जब उन्होंने विरोध किया तो इन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
शिकायत मिलते ही शिवराजपुर थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने तुरंत मौके पर पुलिस भेजी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को समझा।
पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों की सहमति से नाली निर्माण का काम शुरू करवाया गया।






