July 15, 2025

संवाददाता

कानपुर।  सरसौल ब्लाक के प्रेमपुर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान जारी है। सीएचओ दीपाली सिंह के नेतृत्व में इसमें एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूली बच्चों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के साथ जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
सीएचओ दीपाली सिंह ने बताया कि एक जुलाई से शुरू हुआ यह अभियान संक्रमण की पहचान और नियंत्रण पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान घर-घर जाकर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। अभियान में व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की सही विधि और जलभराव रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरकार ने सभी विभागों, नागरिकों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों, स्कूलों, ग्राम प्रधानों और स्वैच्छिक संगठनों से इस अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम में एएनएम कांति देवी, आशा कार्यकर्ता शोभा, अनीता, मीना और सुधा मौजूद रहीं। स्कूल की अध्यापिका दीपिका और लक्ष्मी के साथ स्कूली बच्चों ने भी सक्रिय भागीदारी की।