September 21, 2026

संवाददाता

कानपुर। भीतरगांव विकास खंड में स्वच्छता मिशन की स्थिति चिंताजनक है। यहां के पांच गांवों में पेयजल और सफाई की गंभीर समस्या बनी हुई है। तिवारीपुर, मिर्जापुर, मनियापुर और महनीपुर के निवासियों को पिछले चार माह से पानी की टंकी से जलापूर्ति नहीं हो रही है।
तिवारीपुर के निवासियों ने ग्राम प्रधान और अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया। लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों को मजबूरी में दूषित पानी का उपयोग करना पड़ रहा है।
मनियापुर निवासी बाबू राम कुशवाहा के अनुसार गांव की नालियां टूटी हुई हैं। खड़ंजे की खराब स्थिति के कारण जगह-जगह पानी भरा रहता है। बारिश के मौसम में स्कूली बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
गांवों में सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं, लेकिन सफाई कार्य सिर्फ कागजों में होता है। इसका नतीजा है कि गांव में जगह-जगह कचरा जमा है। यूपी सरकार का स्वच्छता मिशन और हर घर जल योजना यहां सिर्फ कागजी योजना बनकर रह गई है।