January 13, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  चकेरी थानाक्षेत्र में एक युवक के साथ नए तरह का साइबर फ्रॉड हुआ। पहले उसे वीडियो फ्रॉड में फंसाया गया। फिर डिजिटल अरेस्ट कर 2.22 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया। युवक ने चकेरी थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक जिन खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ है उनके बारे में पता किया जा रहा है।
जगईपुरवा लालबंगला निवासी जितेन्द्र मेहरोत्रा के पास चार पांच दिन पहले अंजान मोबाइल नम्बर से व्हाट्स एप पर वीडियो कॉल आई। जितेन्द्र ने नम्बर अंजान देखकर फोन काट दिया। दो तीन बार कॉल आया मगर हर बार जितेन्द्र ने उसे काट दिया। जितेन्द्र के मुताबिक 21 दिसम्बर को जब वह बाथरूम गया तब भी व्हाट्स एप पर वीडियो कॉल आ गई। इस बार जितेन्द्र ने फोन उठा लिया। इसी दौरान सामने वालों ने उसका वीडियो बना लिया।
जितेन्द्र के मुताबिक शातिरों ने कॉल में उसका वीडियो बना लिया और फिर एडिट कर उसी को भेज कर ब्लैकमेल करने लगे। जितेन्द्र के मुताबिक वह हृदयरोगी है। एडिटेड फोटो भेजकर सामने से बात कर रहे शातिर ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और धमकी देने लगा। इसके बाद 23 दिसम्बर 2024 को जितेन्द्र से 1.22 लाख बताए गए उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खातों में जमा करा लिए। इसके बाद शातिरों ने एक लाख रुपए और जमा कराए। फिर सवा दो लाख रुपए की मांग करने लगे।
जितेन्द्र के मुताबिक जब उन्होंने परिवार को इस घटना के बारे में बताया तब उन्हें साइबर ठगी के बारे में जानकारी मिली। उसके बाद उन्होंने चकेरी थाना में जाकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।