March 27, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक महिंद्रा कार डिवाइडर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि चलते समय अचानक कार का पहिया जाम हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे में कार सवार चार लोगों को चोटें आई हैं।
कार चालक ओमप्रकाश के मुताबिक, वह परिवार के साथ चंद्रिका देवी मंदिर में कथा सुनने जा रहे थे। महाराजपुर के पुरवामीर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पास अचानक गाड़ी का पहिया जाम हो गया। चालक के नियंत्रण खोने से पहले ही कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में सत्यम, अंकुर, गुड़िया और लकी को हल्की चोटें आईं। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब 30 मिनट तक एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन उसके न पहुंचने पर घायलों को निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया। एंबुलेंस की देरी को लेकर लोगों ने नाराजगी भी जताई।
घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से किनारे हटवाया, जिससे यातायात प्रभावित न हो। 

महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों की हालत ठीक है और हाईवे पर यातायात सामान्य बना हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।