March 20, 2026

संवाददाता 

कानपुर। पुलिस उप निरीक्षक एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। परीक्षा केंद्रों पर थ्री लेयर चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया।
रविवार को भी परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पुलिस की सघन चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों की आंखों की रेटिना स्कैनिंग की गई, इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
सेंट्रल जोन में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
वहीं साउथ जोन में पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कानपुर कन्या महाविद्यालय इंटर कॉलेज, खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराई जा रही है। 

Related News