April 11, 2026

संवाददाता 

कानपुर। बिल्हौर बार एसोसिएशन ने बिल्हौर तहसील परिसर में जलभराव और कीचड़ की समस्या पर नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। बिल्हौर बार एसोसिएशन ने इस संबंध में एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है।

शिकायत पत्र के अनुसार, अधिवक्ता अमृता सिंह भदौरिया और संजय श्रीवास्तव के चैंबर के बीच की गली में हल्की बारिश होते ही पानी भर जाता है। इससे कीचड़ हो जाता है, जिससे वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को आवागमन में भारी असुविधा होती है।
वकीलों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और थोड़ी सी बारिश में ही स्थिति गंभीर हो जाती है। इससे तहसील परिसर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद से मांग की है कि उक्त गली में जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने जल्द से जल्द आवश्यक निर्माण या पुनर्निर्माण कार्य कराने की अपील की है।
इस मामले की सूचना उपजिलाधिकारी, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी दी गई है। 

बृजेश कटियार, जनार्दन सिंह यादव, कुशल पाण्डेय और सौरभ कटियार सहित अन्य अधिवक्ताओं ने प्रशासन से  इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है । 

Related News