
संवाददाता
कानपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के किसानों ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से कई समस्याओं से अवगत कराया है।
किसानों ने बताया है कि नरवल तहसील में लेखपाल और कानूनगो किसानों की जमीन की पैमाइश करने नहीं जा रहे हैं। तहसील दिवस में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी खाद नहीं मिल रही है। बिजली की समस्या से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।
किसानों ने मांग की है कि बिजली फॉल्ट की तुरंत मरम्मत की जाए। आवारा पशुओं से फसलों को बचाने की व्यवस्था की जाए। प्राथमिक विद्यालयों को बंद न किया जाए, जिससे पिछड़े और दलित समाज के बच्चे पढ़ाई कर सकें।
बिल्हौर तहसील में 4 साल से एक ही स्थान पर कार्यरत लेखपाल और कानूनगो का स्थानांतरण करने की मांग की गई। किसानों की मांग है कि गौशालाओं में पशुओं को समय पर चारा-पानी मुहैया कराया जाए। गौशालाओं की देखरेख कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच की जाए।
जिलाधिकारी कानपुर जितेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों की सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।






