February 19, 2026

—इलाज के दौरान कानपुर के अस्पताल में हुई अम्पायर की मौत से क्रिकेट जगत में शोक की लहर।

संवाददाता
उन्नाव / कानपुर। क्रिकेट मैदान पर बुधवार को ऐसा हादसा हुआ, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। गंगाघाट नगर पालिका परिषद के सप्रू स्टेडियम में खेले जा रहे एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना में लंबे समय से अम्पायरिंग कर रहे प्रसिद्ध अंपायर मानिक गुप्ता की जान चली गई।बुधवार को वाईएमसीसी और पैरामाउंट के बीच मुकाबला सप्रू क्रिकेट मैदान में खेला जा रहा था। मैच सामान्य रूप से चल रहा था कि तभी अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड मैदान में आ धमका। कुछ ही पलों में मधुमक्खियों ने खिलाड़ियों और अंपायरों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मैदान पर अफरा-तफरी मच गई। खिलाड़ी, अंपायर और ग्राउंड स्टाफ अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।मानिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना मोहल्ले के निवासी थे और वर्षों से अम्पायरिंग के क्षेत्र में सक्रिय थे।  स्थानीय क्रिकेट से लेकर जिला स्तर के कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में उन्होंने अम्पायर की भूमिका निभाई थी। वे कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से भी जुड़े हुए थे और खिलाड़ियों व अधिकारियों के बीच उनका विशेष सम्मान था।
खेल मैदान में मधुमक्खियों के अचानक सक्रिय होने के कारणों की भी जांच की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास पेड़ों या किसी छत्ते की नियमित जांच नहीं होने से यह हादसा हुआ।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर खेल आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन की जरूरत को उजागर कर दिया है। क्रिकेट प्रेमियों, खिलाड़ियों और अम्पायर समुदाय ने मानिक गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News