January 17, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  ठंड और कोहरे के चलते स्कूलों का समय बदला गया है। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने आदेश जारी करते हुए कहा था सोमवार से कानपुर नगर में 12वीं तक के सभी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। डीएम ने इस आदेश का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।
सोमवार सुबह 10 बजे की टाइमिंग के हिसाब से बच्चे स्कूल के लिए निकले। सुबह कानपुर में जहां घना कोहरा छाया था। वहीं, 10 बजे तक कोहरा खत्म हो गया। इससे छात्रों ने राहत महसूस की।
इससे पहले गुरुवार को डीएम ने आदेश जारी कर शुक्रवार-शनिवार को ठंड के चलते छुट्‌टी घोषित कर दी थी। रविवार को साप्ताहिक छुट्‌टी थी। फिर सोमवार के लिए नया आदेश जारी करते हुए स्कूल खोलने की टाइमिंग बदल दी गई।
शहर में ठंड की बात करें तो पारा 10 डिग्री से नीचे ही बना हुआ है। शुक्रवार को सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। कानपुर यूपी में सबसे ठंडा भी रिकॉर्ड किया जा रहा है।
स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव के बाद छात्रों ने बड़ी राहत महसूस की है। सुबह की कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच स्कूल जाने की परेशानी अब कम हो गई है। पहले कोहरे में निकलने पर दिक्कत होती थी। सड़क पर गाड़ियां नहीं दिखती थीं तो एक्सीडेंट का डर रहता था। बच्चों की सेहत पर पड़ने वाले असर को लेकर पेरेंट्स भी संतुष्ट नजर आ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि नई टाइमिंग से न सिर्फ ठंड से बचाव हुआ है, बल्कि पढ़ाई पर ध्यान लगाना भी आसान हो गया है।
ठंड में विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि स्कूल जाते समय स्वेटर, जैकेट, मफलर और टोपी जरूर लगाएं।
नाश्ता करके ही घर से निकलें, खाली पेट न रहें। इससे ठंड का असर कम होता है। पानी पीने और नहाने में गुनगुने पानी का उपयोग करें। सड़क पार करते समय सावधानी बरतें, जल्दबाजी न करें। सर्दी-खांसी को नजरअंदाज न करें, परेशानी हो तो तुरंत पेरेंट्स, टीचर को बताएं। किसी दोस्त को खांसी, जुकाम, बुखार है तो उनसे दूरी बनाएं या मास्क लगाएं। पौष्टिक आहार जैसे- फल, दूध, सूप और गरम ताजा खाना लें। हाथ साफ रखें क्योंकि ठंड में संक्रमण का खतरा रहता है। बिना हाथ धुले खाने की चीजें न उठाएं। 

Related News