February 13, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कानपुर के सीमेंट कारोबारी शुभम द्विवेदी की मौत के विरोध में कानपुर बंद का आह्वान किया गया। गुरुवार को शहर के सभी प्रमुख थोक और फुटकर बाजार बंद रहे। बिल्डिंग मैटीरियल की दुकानें और सीमेंट, ट्रांसपोर्टेशन भी बंद रहे।
आचार्यनगर स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में हुई पदाधिकारियों की बैठक में बंदी का निर्णय लिया गया था । प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा और कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील बजाज ने शुभम द्विवेदी के दाह संस्कार होने के समय दोपहर दो बजे तक सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आवाहन किया था ।
कानपुर बंद के आह्वान को सभी बाजारों का समर्थन मिला। नयागंज सराफा, किराना, कलक्टरगंज, जनरलगंज, नौघड़ा, हूलागंज, भूसाटोली, पीरोड, सीसामऊ, काकादेव, गोविंदनगर, किदवईनगर, नेहरूनगर और नवीन मार्केट समेत सभी प्रमुख बाजार बंद रहे।लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने भी लदान और ढुलाई न करने का निर्णय लिया। 
उत्तर प्रदेश सीमेंट डीलर्स एसोसिएशन की बैठक कोपरगंज स्थित कार्यालय में हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष निखिलेश दुबे और प्रांतीय महामंत्री नवीन डारोलिया ने बताया कि शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी गई। 

Related News