March 13, 2026

संवाददाता

कानपुर। सरसौल ब्लॉक स्थित महोली गांव में बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया। मकान में रह रहे परिवार ने भागकर अपनी जान बचाई। घर का सारा सामान मलबे में दब गया।
महोली गांव के निवासी सेतु प्रकाश शुक्ला का परिवार रात को खाना खाकर सो गया था। सुबह अचानक मकान गिरने लगा। परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सेतु प्रकाश ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने सरकारी आवास के लिए सरसौल ब्लॉक से लेकर नरवल तहसील तक कई बार गुहार लगाई। लेकिन अधिकारियों से सिर्फ आश्वासन मिला।
पीड़ित ने इस घटना की जानकारी लेखपाल और सचिव को दी है। खंड विकास अधिकारी सरसौल निशांत राय का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा मामला है तो जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।