March 3, 2026

संवाददाता

कानपुर।  बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के बागाही इलाके में एक व्यक्ति अपना ई-रिक्शा चार्ज करने आया। इसके बाद उसने इलाके के एक कुत्ते पर अपना रिक्शा चढ़ा दिया, जिससे कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।
जब उसका क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया और कहा इसे कही और फेंक कर आओ तो, चालक ने अपने रिक्शे के पीछे कुत्ते को बांध लिया और करीब 2 किलो मीटर तक घसीटते हुए उसे ले गया।
क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक एक युवक आए दिन अपना ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए अधिकतर देर रात ही आता है। रात में वह ई-रिक्शा लेकर चार्ज करने आया था। चार्ज करने के बाद उसने अपना रिक्शा चालू किया और मोड़कर जाने लगा, तभी अचानक से उसने रिक्शा रोका और कुछ देर रुकने के बाद बैक करते हुए कुत्ते के ऊपर चढ़ा दिया।
ये पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हुई हैं। इसमें देखा गया है कि युवक जानबूझ कर कुत्ते के ऊपर रिक्शा चढ़ाता है और उसकी मौके पर ही मौत हो जाती हैं। सुबह क्षेत्रीय लोगों ने कुत्ता मरा देखा तो इसके बाद सीसीटीवी खंगाला गया, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।
सुबह जब लोगों को घटना की जानकारी हुई तो क्षेत्रीय लोगों ने उसे बुलाकर कहा कि इसे कही ले जाकर फेंक कर आओ। इस पर ई-रिक्शा चालक ने कुत्ते को रस्सी से बांधा और उसे ई-रिक्शा के पीछे बांध कर घसीटते हुए यशोदा नगर बाइपास की ओर ले गया, जहां उसे रास्ते में फेंक कर भाग गया।