
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर में नए वर्ष की शुरुआत होने के बाद शराबियों की सड़कों पर काफी चहल-पहल देखने को मिली। कई जगहों से रात दस बजे ठेके बंद होने के बाद भी शराब बिकने की सूचना पुलिस को मिलती रही। इस दौरान एडीसीपी ने स्वयं देशी शराब ठेके पर जाकर रियलिटी चेक किया।
कल्यानपुर में देर रात ठेका बंद होने के बाद भी चोरी-छिपे शराब बेची जा रही थी। कल्याणपुर चौराहे पर स्थित देशी शराब ठेके पर एडीसीपी कपिल देव पहुंचे और एक लड़के को पैसा देकर शराब लाने को कहा। एडीसीपी उसके पीछे-पीछे गए। लड़के ने खिड़की खटकाकर शराब का एक पव्वा मांगा।
जैसे ही ठेका संचालक ने खिड़की खोलकर शराब देने का प्रयास किया, तो पीछे पुलिस को देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत खिड़की बंद करके पैसे बाहर फेंक दिए और कहा- शराब रात को नहीं मिलती। इस पर एडीसीपी ने उसे बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि ठेका बंद होने के बाद चोरी-छिपे शराब बेचते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देर रात एडीसीपी मय फ़ोर्स कल्याणपुर के इंद्रा नगर चौराहे पर पहुंचे तो वहां चल रही शराब पार्टी में पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। सभी शराबी मौके से भाग निकले।
इसके बाद थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला ने कई गाड़ियों के कागज़ चेक किए। कई लोगों के पास से शराब मिली, जिसके बाद गाड़ियों का चालान करके चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह ने बताया कि नए वर्ष को लेकर लोगों में उत्साह और पार्टी का माहौल है। पुलिस सड़कों पर उतरकर लोगों से अपील कर रही थी कि घर जाकर इंजॉय करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं। इस दौरान कई वाहनों की चेकिंग की गई तथा कागज़ न मिलने पर उन्हें सीज़ किया गया। वाहन मालिकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। शराब ठेकों की भी जांच की गई है।






