February 21, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शनिवार देर रात छात्रों के बीच हुए विवाद में विवि प्रशासन ने 31 छात्रों पर कार्रवाई की है। डीएसडब्ल्यू प्रो. मुकेश श्रीवास्तव ने 7 छात्रों को एक साल के लिए हास्टल से निष्कासित कर दिया। साथ ही 10 हजार का अर्थदंड लगाया। इसके अलावा चार छात्रों पर 5000 और 20 छात्रों पर 2500 रुपए अर्थदंड लगाया है। यह अर्थदंड प्रति छात्र पर लगाया गया है। निष्कासित किए गए छात्रों को 24 घंटे के भीतर हास्टल खाली करना होगा। इसके अलावा भविष्य में कोई घटना होने पर हमेशा के लिए हास्टल से निष्कासित कर दिया जाएगा।
14 फरवरी देर रात सीएसए कैंपस में वरुणा, शेखर और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम छात्रावास के छात्रों में लाठी डंडे चले थे। जिसमें चार छात्रों के सिर में चोट आई थी। घटना की जानकारी पाकर मौके पर डीएसडब्ल्यू और पुलिस पहुंची थी।
पुलिस पहुंचने के बाद हंगामा करने वाले मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद तीनों हास्टलों के वार्डनों को फोन किया गया, लेकिन सभी के फोन बंद थे। घटना के बाद 16 फरवरी को तीनों हास्टल के छात्रों को डीएसडब्ल्यू आफिस बुलाकर पूछताछ की गई थी।
इसके बाद डीएसडब्ल्यू, चीफ वार्डेन, वार्डेन व सिक्योरिटी अफसर की बैठक हुई। बैठक के बाद छात्रों पर कार्रवाई हुई है।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हास्टल में रहने वाले एग्री बिजनेस मैनेजमेंट के छात्र शेखर और वरुणा हास्टल के पास अपने एक साथी को छोड़ने गए थे। तभी गाड़ी मोड़ने के दौरान एक छात्र के चेहरे पर हेडलाइट की रोशनी पड़ने पर विवाद शुरु हुआ।
कुछ देर बाद डॉ. एपीजे कलाम हास्टल से कई छात्र वरुणा और शेखर हास्टल के पास आए और घटना का विरोध किया। लाठी-डंडों से लैस छात्रों में मारपीट शुरू हो गई। जिसमें 4 छात्रों के सिर फटे और कई चोटिल हुए थे।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हास्टल से ऐश्वर्य वर्मा और अभिनव पर कार्रवाई हुई है। वरुणा हास्टल से रजत कुमार, कृष्ण कुमार, रामदत्त और शुभम मौर्या पर एक्शन हुआ। वहीं शेखर हास्टल के धर्मेंद्र बहादुर सिंह पर कार्रवाई हुई है।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हास्टल के देवेश कुमार, यश भारद्वाज, रिषभ त्रिपाठी के अलावा वरुणा हास्टल के सर्वमंगल वर्मा पर पांच हजार का अर्थदंड लगाया है। वहीं पवन कुमार निराला, शशांक यादव, आदित्य कुमार सिंह, अनुभव सिंह, देवेश, वरुण सिंह, अभिषेक कुमार वर्मा, दीक्षित कुमार और राहुल देव वर्मा पर 2500 का अर्थदंड लगाया है।
इनके अलावा वरुणा हास्टल के सूरज गोपाल मुक्तीपवार, शिवम विहान, हरिवेंद्र, अनुपम कुमार, यागवेंद्र सौभरि, नितेश कुमार सिंह, शिवम बाजपेई, सचिन, सौरभ सिंह और आदित्य सिंह, शेखर हास्टल के राहुल कुमार भी इस कार्रवाई की जद में हैं।
के. विजयेंद्र पंडियन, मंडलायुक्त और सीएसए कुलपति ने बताया कि शनिवार देर रात हुई घटना में शामिल छात्रों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि वह भविष्य में इस प्रकार की गलती न करें । 

Related News