
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर कस्बा स्थित रेलवे प्लेटफार्म के पास एक बड़ा हादसा हो गया। रसूलाबाद क्षेत्र के गदाईपुर गांव निवासी रंजना देवी पत्नी राजकुमार ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार रंजना देवी अपने भतीजे सुल्तान के साथ बिल्हौर बाजार आई थीं। खरीदारी के बाद वह घर लौट रही थीं। दोपहर में प्लेटफार्म के पश्चिमी छोर पर रिश्तेदार से मिलने के लिए रेलवे लाइन पार करने लगीं। इसी दौरान कन्नौज की ओर तेज रफ्तार से जा रही ट्रेन की चपेट में आ गईं। टक्कर लगते ही महिला प्लेटफार्म के पास गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल रंजना देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत कुमार झा ने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर यात्रियों से घटना की जानकारी जुटाई।






