
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मकड़ी खेड़ा में एक हादसे में मजदूर की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूल रूप से मध्यप्रदेश के सरौंदा निवासी करन रावतपुर के नमक फैक्ट्री चौराहे के पास पत्नी विनीता और बेटे आशीष के साथ रहते थे। उनका एक बेटा गृह जनपद में अपने परिवार के साथ रहता है। करन कुछ दिनों से काकादेव निवासी विश्वकर्मा चौधरी के इंद्रानगर स्थित निर्माणाधीन प्लॉट में मजदूरी कर रहे थे।
करन मकड़ी खेड़ा स्थित दूसरे प्लॉट से गिट्टी लेने पहुंचे थे। छत पर दो दिन पहले प्लास्टर हुआ था। तराई के लिए उन्होंने पानी की बौछार शुरू की, इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व मकान मालिक को हादसे की जानकारी दी।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






