
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ। पुरवामीर राधा रानी कोल्ड स्टोर के पास फतेहपुर से कानपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार कंटेनर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा।
हादसे में कंटेनर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कंटेनर में सो रहा परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को भी चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। पीआरवी पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले गए। चालक की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर करीब 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षतिग्रस्त वाहन करीब 5 घंटे तक हाइवे पर खड़ा रहा। एनएचएआई की टीम ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पुरवामीर चौकी पुलिस को सूचना देने के बाद एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को हाइवे से हटाकर यातायात सुचारू करवाया।
महाराजपुर इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडे ने बताया कि नेशनल हाइवे पर यातायात सामान्य है। कंटेनर मालिक से संपर्क करके जानकारी जुटाई जा रही है।






