June 20, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
शुक्रवार को एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई और चिल्लाने लगी कि मैं मर जाऊंगी। इसके बाद वहां पर मोहल्ले वालों की भीड़ लग गई। जानकारी पर पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम पहुंची। पुलिस उसको बचाने की जगह खुद की वीडियो बनानी लगी।
करीब 15 मिनट तक महिला हंगामा करती रही। इसके बाद उसने छलांग लगा दी। पुलिस उसे लेकर अस्पताल भागी। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 
शास्त्री नगर के अंबेडकर नगर में रहने वाली महिला नैना देवी के पति शुभम की 2 महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से नैना अवसाद में चली गई थी। उसके 5 साल की एक बेटी है। महिला अपने सास-ससुर और परिवार के साथ रहती थी। पति की मौत के बाद अवसाद में जाने के बाद खुद की जान देने की बात कहती थी। 

शुक्रवार सुबह वह शास्त्री नगर के ऊंचा पार्क में बनी पानी टंकी में चढ़ गई। महिला को देखते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी लोग महिला को रोकते रहे।
जानकारी मिलते ही पार्षद विनोद गुप्ता पहुंचे। इसके बाद काकादेव थाना प्रभारी मनोज सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। 

महिला टंकी से लटक गई और कुछ ही देर में कूद गई।
इसके बाद पुलिस अफसरों ने महिला को गंभीर हालत में एम्बुलेंस की मदद से हैलट में एडमिट कराया। जहां कुछ ही देर में महिला ने दम तोड़ दिया।
पानी टंकी से कूदकर महिला के सुसाइड करने के बाद क्षेत्रीय लोग भड़क गए। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि अगर फायर ब्रिगेड के पास जाल होता तो महिला को बचाया जा सकता था। महिला जहां पर लटकी थी उसके नीचे कुछ लोग जाल पकड़कर खड़े हो जाते तो उसकी जान बच जाती, लेकिन संसाधनों के आभाव में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम सिर्फ तमाशा देखती रह गई और महिला की जान चली गई।
महिला नैना देवी अपने सास-ससुर, देवर और परिवार के साथ रहती थी। उसकी एक 5 साल की बेटी भी है। दो महीने पहले नैना के पति शुभम की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद से वह तनाव में थी और उसने पानी की टंकी से कूदकर सुसाइड कर लिया। किसी ने कोई आरोप प्रत्यारोप नहीं लगाया है। 

Related News