March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
कोतवाली पुलिस ने शूटर टायसन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि टायसन ने दूसरे जिले में तैनात एक एसीपी के खिलाफ तहरीर देने वाले मनोहर शुक्ला को रोककर धमकी दी है। उसने कहा कि टायसन की गोली नाम और पता नहीं पूछती है, पंडित जी अपनी शिकायत वापस ले लो। इसके बाद मौके से भाग निकला। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके शूटर की तलाश शुरू कर दी है।
तेजाब मिल कैंपस रायपुरवा में रहने वाले प्रवीण कुमर शुक्ला उर्फ मनोहर शुक्ला ने बताया कि उन्होंने ऑपरेशन महाकाल में एक एसीपी और उसके गैंग के खिलाफ पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। इसकी एसआईटी जांच कर रही है। इसी शिकायत को लेकर वह 27 अगस्त को एसआईटी में अपने बयान दर्ज कराकर घर लौट रहे थे। कोतवाली थाना क्षेत्र में उनकी कार के सामने एक मोटरसाइकिल आकर रुकी व एक बाइक कार के बगल में रूकी। प्रार्थी ने कार रोकने का कारण पूछा तो उक्त मोटरसाइकिल सवार बोले टायसन की गोली नाम नही पूछती है, पंडित जी शिकायत वापस ले लो, नही तो जान चली जायेगी।
टायसन और उसके लोग डी टू गैंग के शार्प शूटर है। प्रार्थी ने उन लोगों के विरुद्ध अपने साथ हुई घटना के सन्दर्भ में एफआईआर लिखवाने हेतु पुलिस कमिश्नर से शिकायत की । उन लोगों ने प्रार्थी को जान से मारने की डर दिखाकर शिकायत वापस लेने हेतु धमकाया है।
मामले का संज्ञान लेते हुए कोतवाली थाने की पुलिस ने टायसन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसकी जांच शुरू कर दी है। धमकी देने के बाद से टायसन घर छोड़कर भाग निकला है।