March 8, 2026

संवाददाता
कानपुर।
रावतपुर पुलिस ने बारावफात पर रामनवमी शोभायात्रा के गेट के सामने आई लव मोहम्मद का साइन बोर्ड लगाकर माहौल खराब करने वाले 25 लोगो के खिलाफ दरोगा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है, जिसमें 8 नामजद, दो वाहन चालकों समेत 15 अन्य अज्ञात लोग शामिल है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करके एक सप्ताह बाद कार्रवाई की है।
रावतपुर के सैय्यद नगर में बीती 4 सितंबर को रामनवमी शोभायात्रा गेट के सामने टट्टर पर आई लव मोहम्मद का साइन बोर्ड लगाए जाने से विवाद बढ़ गया था। नाराज हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया था। हंगामे की सूचना मिलने के बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
घंटों चले हंगामे के बाद शोभायात्रा गेट के सामने से साइन बोर्ड हटा दिया गया था। इसके अलावा बारावफात के जुलूस के दौरान जुलूस में शामिल वाहनों में सवार युवकों द्वारा हिंदू धार्मिक पोस्टरों को भी फाड़ा गया था, जिसके बाद पुलिस ने माहौल बिगड़ने से बचाया था।
मामले में एक सप्ताह बीतने के बाद दरोगा पंकज शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पहचान करते हुए शराफत हुसैन, सबनुर आलम, बाबू अली, मोहम्मद सिराज खजूर, रहमान, इकराम अहमद, इकबाल, बंटी, कुन्नू कबाड़ी समेत 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ने का प्रयास किया गया था। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार किया जाएगा।