January 20, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  जाजमऊ में सपा विधायक नसीम सोलंकी के बहनोई के घर से 90 लाख की चोरी हुई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। उनका एक सीसीटीवी भी सामने आया है। इस चोरी में चोर 2.5 लाख रुपए नकद, एक किलो सोना-चांदी के जेवरात व अन्य सामान ले गए। सूचना पर जाजमऊ व चकेरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। नसीम सोलंकी के बहनोई बड़े चमड़ा कारोबारी हैं।
जाजमऊ के पॉश इलाके डिफेंस कॉलोनी निवासी जावेद आलम चमड़ा कारोबारी हैं। उनकी संजय नगर में टेनरी है। जावेद अपनी पत्नी शमीम बानो के साथ रहते हैं। शमीम बानों ने बताया कि उनकी बेटी अपने बच्चों जोहा, जिलफ और नाज के साथ आई है।
शमीम ने बताया कि मेरी बेटी मकान में पहले फ्लोर पर सो रही थी। जबकि मैं और मेरे पति जावेद दोनों ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे। पहले फ्लोर पर सुबह 6 बजे जब मैं नमाज पढ़ने के लिए गई तो चोरी की घटना की जानकारी हुई। तब मैंने अपने पति को चोरी के बारे में बताया। 

सूचना पर एसीपी कैंट, जाजमऊ थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंचा। इसके बाद छानबीन की गई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी देखे हैं।
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी चेक किए तो तीन बदमाश कैमरे में जाते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी में दिख रहा है कि तीन नकाबपोश चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर छत पर आए थे। यहां से सीढ़ी के रास्ते दरवाजा खोलकर अंदर घुसे। यहां कमरे में जाकर अलमारियों को तोड़ा। उसमें रखे एक किलो सोने के जेवर, कुछ चांदी के जेवर और ढाई लाख व अन्य सामान समेत 90 लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोर छत के रास्ते से ही भाग निकले।
डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि चोरों के सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं। उसमें जो नकाबपोश दिखे हैं। उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस की तीन टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Related News