July 10, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
रावतपुर में चोरों ने बुजुर्ग महिला के घर को अपना निशाना बनाया। तीन चोरों ने मिलकर उनके घर में रखे बीस लाख रुपए के कैश और जेवरात उड़ा लिए। घर में घुसते तीनों चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए है। यह चोरी तब हुई जब बुजुर्ग महिला अपने भांजे के यहां गई हुई थी, और उनका घर खाली था। लौटने पर उन्हें इस घटना की जानकारी हुई।
पीड़िता ने रावतपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई गई है। आरोपियों को आईडेंटिफाई करने का काम किया जा रहा है।
न्यू सिविल लाइंस गुरुदेव पैलेस के पास लक्ष्मी श्रीवास्तव अकेले रहती हैं। लक्ष्मी की उम्र 80 साल है। वो सोमवार को आईआईटी निवासी अपने भांजे के यहां तेहरवीं संस्कार में शामिल होने गई थी।
लक्ष्मी ने बताया कि चोर उनके बंद घर में दीवार फांदकर दाखिल हुए। कमरों का ताला तोड़कर चोर अलमारी तक पहुंचे। उन्होने अलमारी में लॉकर का ताला तोड़ा और उसमें रखी 20 लाख रुपए की नकदी और जेवरात उड़ा ले गए।
शुक्रवार को जब लक्ष्मी वापस घर लौटकर आई. तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे। वहीं से पुलिस को सूचना दी गई। रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है।
एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पाण्डेय के मुताबिक, जो सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, उसके जरिए आरोपियों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Related News