February 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 किलो 623 ग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ निरीक्षक एस.एन. पाटीदार एवं जीआरपी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान हैरिसगंज पुल के पास पीठ पर पिठ्ठू बैग लेकर आ रहे दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।
टीम ने दोनों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके बैग से टेप से सील किए गए 22 बंडल बरामद हुए, जिन्हें खोलने पर उनमें गांजा पाया गया। वजन करने पर कुल 28 किलो 623 ग्राम गांजा निकला।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम गौतम राय, निवासी पटना बिहार और महेश अहिरवार, निवासी टीकमगढ़ मध्यप्रदेश बताया। दोनों को जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल ले जाकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के भुवनेश्वर से चोरी-छिपे सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर कानपुर और आसपास के इलाकों में बेचते थे।
अधिकारियों के अनुसार रेलवे मादक पदार्थों की तस्करी के लिए एक सुगम माध्यम बनता जा रहा है। इसे देखते हुए आरपीएफ और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रेलवे मार्ग से होने वाली तस्करी पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। 

Related News