May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।  चकेरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कोयला नगर फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सचेंडी के कटरा भैंसोर निवासी सागर कमल और आलोक कमल सीओडी के पास स्थित आर्मी कैंप में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। दोनों रोज सुबह करीब 5 बजे की ड्यूटी के लिए एक ही बाइक से साथ निकलते थे।
रविवार तड़के करीब 4:30 बजे दोनों हमेशा की तरह ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वे चकेरी क्षेत्र के कोयला नगर फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।


परिजनों ने बताया कि दोनों हेलमेट पहनकर निकले थे, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट भी सिर से दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर खून फैल गया और चीखपुकार मच गई। परिवार और ग्रामीणों ने बताया कि दोनों जिगरी दोस्त थे और हर कदम साथ चलते थे। इससे पहले दोनों दिल्ली में भी एक साथ काम कर चुके थे, लेकिन एक साल पहले नौकरी छोड़कर कानपुर लौट आए थे।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस पर आलोक की मां बेटे का शव देखकर बेहोश हो गईं, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
चकेरी थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *