
संवाददाता
कानपुर। एक सरकारी शिक्षक के साथ एक लाख रुपए की धोखाधड़ी हो गई। यह घटना एसबीआई के एटीएम में हुई, जहां कैश निकालते समय उनका कार्ड फंस गया। शिक्षक ने एटीएम में लगे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने उन्हें दूसरे एटीएम से गार्ड को बुलाने के लिए कहा। जैसे ही शिक्षक 500 मीटर दूर स्थित दूसरे एटीएम की तरफ गए, उनके खाते से 50 हजार रुपए निकल गए। अगले दिन राजस्थान से उनके खाते से 50 हजार रुपए और निकाल लिए गए। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज करा दी है।
कोयला नगर, सीओडी कॉलोनी निवासी महेश कुमार उन्नाव के आटा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम को वह कोयला नगर चौकी के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से 5 हजार रुपए निकालने गए थे। मशीन में कार्ड लगाने के बाद उन्होंने पिन और रकम डाली, जिसके बाद ट्रांजेक्शन फेल हो गया। उन्होंने कार्ड निकाला तो मशीन में कार्ड फंस गया, इस दौरान एक युवक अंदर आया और उसने एटीएम में हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने के लिए कहा। इस पर महेश ने हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत की।
जिस पर कस्टमर केयर ने रामादेवी स्थित एटीएम से गार्ड को लाने की बात कही। वह गार्ड को लाने के लिए 500 मीटर दूर पहुंचे ही थे, कि उनके डेबिट कार्ड से 50 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। जिसमें 25 हजार रुपए स्वैप मशीन और 25 हजार किदवई नगर स्थित एक एटीएम से निकलने की जानकारी दी गई।वह आनन–फानन में एटीएम पहुंचे, जहां उनका कार्ड गायब मिला। उन्होंने चकेरी थाने में शिकायत की।
महेश ने बताया कि अगले दिन सोमवार को भी राजस्थान के सीकर जिले से उनके खाते से डेबिट कार्ड के जरिए दो बार में 50 हजार निकलने का मैसेज आया। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज की है।






