
संवाददाता
कानपुर। शास्त्री नगर बड़ा सेंट्रल पार्क बगिया गेट नंबर-4 में रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की ओर से आयोजित समस्या समाधान शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याएं उठाईं।
इस शिविर में इलेक्ट्रिक सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा पास, दिव्यांग पेंशन, आवास, रोजगार के लिए ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। साथ ही कई योजनाओं के आवेदन भी भरवाए गए।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि शिविर में 52 दिव्यांगजनों ने इलेक्ट्रिक सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा पास न बनने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूरदराज से पहुंचे 38 दिव्यांगजनों ने आवास, दिव्यांग पेंशन, रोजगार के लिए ऋण, गरीबी रेखा का आय प्रमाण पत्र, रेलवे यूनिक कार्ड और अंत्योदय राशन कार्ड न बनने की समस्याएं बताईं। कई लोगों ने दिव्यांग बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ न मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने इलेक्ट्रिक सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा समाप्त किए जाने का मुद्दा उठाया है। इस संबंध में केसीटीएसएल के प्रबंध निदेशक के पत्र के आधार पर प्रमुख सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग उत्तर प्रदेश शासन से पत्राचार किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर प्रयास कर दिव्यांगजनों के लिए सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा बहाल कराने हेतु आदेश जारी करवाने का प्रयास किया जाएगा।
वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि शिविर में जिन योजनाओं के आवेदन भरवाए गए हैं और जिन समस्याओं की शिकायतें सामने आई हैं, उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा, ताकि पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति को यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो वह शास्त्री नगर बड़ा सेंट्रल पार्क बगिया गेट नंबर-4 स्थित कार्यालय में किसी भी दिन संपर्क कर सकता है।
शिविर में राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, गौरव कुमार और रंजीत कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।






