
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ के एक मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके कारण उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दोदेपुर चिरंजीपुरवा निवासी छोटा उर्फ छुट्टन पुत्र परशुराम के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन आरोपी लगातार सुनवाई में अनुपस्थित रह रहा था। अदालत में कई बार हाजिर न होने पर उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
थानाध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। पुलिस ने उसे उसके गांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
इस गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक शिवम कुमार और उपनिरीक्षक अटल कुमार भी शामिल थे।






