May 14, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  बिधनू थानाक्षेत्र में पत्नी व बच्चे का इलाज कराकर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा, जबकि पत्नी व दो साल की मासूम की पहिए की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
कानपुर देहात के मूसानगर थानाक्षेत्र के कैलाशपुर पुलंदर निवासी किसान पंकज सिंह पत्नी साधना व बेटी आच्छवी का इलाज कराने बाइक से नौबस्ता स्थित एक डाक्टर के क्लीनिक गए थे। वहां से लौटते समय शंभुआ विद्युत उपकेंद्र के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक के पहिए की चपेट में आकर मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंकज उछल कर फुटपाथ पर गिरकर घायल हो गए। 

पुलिस ने पंकज को पतारा सीएचसी में भर्ती कराया। बिधनू थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि मां बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।