May 14, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  वीआईपी रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। इलाकाई लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अधेड़ ने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लीलामणि अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्वालटोली थानाक्षेत्र के अस्पताल घाट निवासी 50 वर्षीय घनश्याम वीआईपी रोड स्थित लेदर इंस्टीट्यूट में मजदूरी करते थे । परिवार में पत्नी सरिता देवी तीन बेटियां सौम्या, शिखा, मुस्कान व एक 16 वर्षीय अंशू है। भाई नीरज गौड़ और खुशीलाल ने बताया कि  वह भाई के साथ लेदर इंस्टीट्यूट में काम कर रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वह मसाला खरीदने के लिए साइकिल से गए थे।
नीरज से बताया कि भाई मसाला खरीदकर लौट रहे थे, तभी कंपनीबाग की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार करने के दौरान उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में घनश्याम व बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए । इलाकाई लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घनश्याम को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया, जिसका इलाज लीलामणि अस्पताल में जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।