June 8, 2026

संवाददाता
कानपुर। गोविंद नगर थाना क्षेत्र के गुजैनी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 12 वर्षीय किशोरी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि किरायेदारों के चोरी का आरोप लगाकर लगातार अपमानित किए जाने से आहत होकर किशोरी ने साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ज़ब काम से घर लौटी माँ ने दरवाजा खोला तो किशोरी का शव फंदे से लटकता देखकर उनके होश उड़ गए। आनन फानन मे परिजनों ने 112 नंबर डायल करके  सूचना पुलिस को दी।
सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के कठोंगर गांव निवासी किसान संदीप मिश्रा की पुत्री दिव्यांशी मिश्रा पिछले करीब एक वर्ष से अपनी मां माधुरी के साथ गुजैनी स्थित किराये के मकान में रह रही थी।
मां माधुरी ने बताया कि उनके मकान में रहने वाले एक किरायेदार के घर से दिव्यांशी खेल-खेल में कुछ ज्वेलरी और मेकअप बॉक्स उठा लाई थी। सुबह जब किरायेदार को सामान नहीं मिला तो उसने इसकी शिकायत की।
पूछताछ करने पर दिव्यांशी ने स्वीकार किया कि वह खेलते समय सामान उठा लाई थी।मां का आरोप है कि इसके बाद किरायेदार और उसके परिवार के लोग दिव्यांशी को लगातार “चोर-चोर” कहकर चिढ़ाने लगे। उन्होंने इसका विरोध भी किया, लेकिन आरोप है कि तानेबाजी बंद नहीं हुई।
घटना से आहत दिव्यांशी काफी देर तक गुमसुम रही। मां ने उसे समझाया और अपनी ड्यूटी पर चली गईं। माधुरी के अनुसार ड्यूटी के दौरान उनका मन घबराने लगा, जिसके बाद वह शाम करीब चार बजे घर पहुंचीं। घर का दरवाजा खुला हुआ था।
अंदर जाकर देखा तो बेटी का शव कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर गोविंद नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके  साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोविंद नगर इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि
मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News