May 13, 2026




कमरे में फंदे से लटका मिला शव, परिवार में मचा कोहराम।

संवाददाता
कानपुर।  सट्टेबाजी में लगातार हार और बढ़ते कर्ज से परेशान एक 20 वर्षीय युवक ने नगर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र स्थित दीन दयाल पुरम इलाके में रविवार को कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान ऋतिक के रूप में हुई है। वह अपने भाई के साथ सैलून का काम करता था। परिजनों के मुताबिक ऋतिक को सट्टे की लत लग गई थी और इसी कारण वह लाखों रुपये हार चुका था। नुकसान की भरपाई के लिए उसने कई लोगों से उधार भी लिया था। लगातार बढ़ते कर्ज और रुपये वापस मांगने के दबाव के चलते वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
परिवार वालों ने बताया कि शनिवार रात ऋतिक घर लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। मां ने उसे खाना खाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने मना कर दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
रविवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर भाई उसे जगाने पहुंचा। कई बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों को शक हुआ। खिड़की से झांककर देखा गया तो ऋतिक का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सट्टे में रुपये हारने और कर्ज के दबाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *