
संवाददाता
कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के इंदलपुर जुगराज गांव में हुई मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। शराब के नशे में धुत युवक ने पड़ोसी अधेड़ पर लोहे की साबड़ से हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बहू को भी नहीं बख्शा और उस पर भी हमला बोल दिया।
गांव निवासी बांकेलाल गौतम का बेटा अंकुश देर शाम नशे की हालत में घर पहुंचा। आरोप है कि उसने पड़ोसी रामबाबू गौतम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वह आगबबूला हो गया और लोहे की साबड़ उठाकर रामबाबू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में रामबाबू लहूलुहान होकर गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर रामबाबू की बहू बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इससे वह भी घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। डॉक्टरों ने रामबाबू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी युवक घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जा रही है।






