September 17, 2024
सडक के बीचो बीच प्रदर्शन करते पार्षद पति।

कानपुर। शहर के दक्षिण इलाके में कर्रही-खाड़ेपुर मार्ग में चन्द्रयान-3 के नाम से चर्चित सडक के निर्माण में हो रही देरी से नाराज क्षेत्र की पार्षद के पति ने वहां के लोगों के साथ धरना प्रदर्शन किया। सडक के बीचो बीच खडे होकर नगर निगम के मुख्य अभियन्ता के खिलाफ नारे लगाते हुए जल्द सड़क के निर्माण की मांग की। कर्रही-खाड़ेपुर मार्ग में चन्द्रयान-3 के नाम से चर्चित सडक के बड़े-बड़े गड्ढों को भरने की मांग को लेकर क्षेत्रीय पार्षद पति ने स्थानीय लोगों के साथ नगर निगम को कोसते हुए कहा कि विभाग जनता को बेवकूफ बना रहा है। वर्षों से सड़क पर गड्ढों और जलभराव की समस्या है। नगर निगम वादे तो करता है लेकिन, कोई उपाय नहीं कर रहा है।नगर निगम सदन में पूर्व में दक्षिण क्षेत्र के कर्रही मार्ग को चंद्रयान-3 के नाम पर करने का प्रस्ताव पास हुआ था। जिसके बाद बनाने को लेकर बजट भी अलॉट किया गया। लेकिन, चंद दिनों बाद ही सड़क का निर्माण सीएम ग्रिड योजना के तहत कराये जाने को लेकर योजना तैयार की गई। जिसके बाद टेंडर भी कराने की तैयारी है। जोन- 3 बर्रा बाईपास कर्रही रोड से रामबाग तिराहा होते हुये हमीरपुर मुख्य मार्ग मेट्रो लाइन तक 61.51 करोड़ रुपये से सड़क बनाई जानी है। लेकिन, पिछले दो वर्ष से जनता इस योजनाओं के बीच गड्ढों, जलभराव से जूझ रही है। नौबस्ता पूर्वी वार्ड-63 के पार्षद पति दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने धरने के दौरान बताया कि सड़क की हालत मानों ऐसी है कि जैसे कि चंद्रयान-3 के गड्डे हो, इतना ही नहीं, अक्सर टूटी सड़क में वाहन सवार चुटहिल भी होते हैं। इसके बावजूद नगर निगम सड़क को बनाने में देरी कर रहा है।