
संवाददाता
कानपुर। काकादेव क्षेत्र में गुरुवार की रात में फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। गुरुवार रात हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ मिलकर युवक पर दो बार फायरिंग कर दी थी, जिसमें युवक बाल बाल बच गया। युवक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था ।
शास्त्री नगर निवासी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार देर रात उनका बेटा हितेंद्र गौरव श्रीवास्तव उर्फ मोनू नेता घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उसका दोस्त शिवम गुप्ता उसे बुलाने आया था।
आरोप है कि तभी काकादेव निवासी हिस्ट्रीशीटर मिथिलेश धोबी जो कई मुकदमों में आरोपी है, उसने अपने साथी बिठूर के हिस्ट्रीशीटर गौरव शर्मा और अन्य साथियों के साथ पहुंचकर हितेंद्र पर फायरिंग कर दी। जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद पीड़ित ने काकादेव पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपियों ने घटना के आधे घंटे बाद दोबारा मौके पर पहुंचकर हितेंद्र पर फिर से फायर झोंक दिया जिसमें वह बाल-बाल बच गया। हितेंद्र के पिता ने मिथिलेश धोबी समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस आरेापियों की तलाश में दबिश देती रही लेकिन मिथलेश धोबी ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि आरोपी ने किसी दूसरे मुकदमे में सरेंडर किया है।






