
संवाददाता
कानपुर। गर्मी एक बार फिर आमजन का पसीना छुड़ाने लगी है। मंगलवार सुबह से निकली तेज धूप ने दोपहर तक भीषण गर्मी का एहसास करा दिया। सूरज की तपिश से न सिर्फ लोग परेशान दिखे, बल्कि जानवरों पर भी गर्मी का असर साफ नजर आया।
शहर के चिड़ियाघर में भालू को गर्मी से राहत देने के लिए तरबूज खिलाया गया, जबकि बाघ अपने बाड़े में छांव के नीचे बैठा नजर आया।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। 48 घंटे बाद से लू चलने की संभावना है।
तेज धूप के कारण सड़कों पर निकलने वाले लोग मुंह ढककर बाहर निकले। कई लोग छांव की तलाश करते दिखे। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम रही।
गर्मी से राहत देने के लिए समाजसेवी भी आगे आने लगे हैं। शहर के कई इलाकों में सड़क किनारे स्टॉल लगाकर राहगीरों को शर्बत पिलाया गया। लोगों ने इसे राहत भरा कदम बताया।
दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही। बीते 24 घंटे में रात का तापमान दो डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, जिससे गर्मी और तेज हो सकती है। हालांकि शाम के समय हल्की हवा चलने से मौसम कुछ सामान्य हुआ।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ आया है, जिसका असर कानपुर में नहीं पड़ेगा। लेकिन दक्षिण पूर्वी हवाएं नमी लेकर आ रही हैं। जिसके कारण अचानक तापमान नहीं बढ़ेंगे।
लेकिन अगले 24-48 घंटे बाद राजस्थान से आने वाली हवाएं तापमान को बढ़ाएंगी।






