
संवाददाता
कानपुर। ग्राम पंचायत पतरसा स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर परिवर्तन पार्क में अखंड भारत के निर्माता सम्राट अशोक की जयंती मनाई गई। यह कार्यक्रम बहुजन समाज पार्टी की स्थानीय टीम और डॉ. अम्बेडकर युवा टीम के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
समारोह में सम्राट अशोक के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। नेता बी. आर. अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच संचालक डॉ. इन्द्रेश कुमार ने मुख्य अतिथि को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सम्राट अशोक को मानवता का प्रतीक और ‘मौर्य साम्राज्य का नायक’ बताया। उन्होंने सम्राट के शांति, प्रेम, करुणा और न्याय के आदर्शों पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि सम्राट अशोक के लोक कल्याणकारी विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और उनकी विरासत को पुनर्जीवित करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान डॉ. भीमराव अम्बेडकर परिवर्तन पार्क सेवा समिति, डॉ. अम्बेडकर युवा टीम और बहुजन समाज के गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।






