
संवाददाता
कानपुर। गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कालेज के हैलट अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाला एक वीडियो सामने आया है। वार्ड नंबर-18 में अचानक बिजली गुल हो गई, जिसके बाद डॉक्टरों को टॉर्च और मोबाइल की फ्लैश लाइट में मरीजों का इलाज करना पड़ा।
वीडियो में दिख रहा है कि वार्ड में अंधेरा फैला हुआ है। डॉक्टर, मरीज और तीमारदार मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर किसी तरह काम चला रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक बिजली नहीं आई, जिससे इलाज व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। हालांकि वीडिओ कब का है। इसके बारे में डॉक्टर कोई भी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
वार्ड नंबर-18 में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीज भर्ती रहते हैं। ऐसे में बिजली गुल होना बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। अंधेरे में इलाज करना मरीजों की जान के साथ जोखिम पैदा कर सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। एक कर्मचारी ने कैमरे पर बोलने से इनकार करते हुए कहा- बारिश के दौरान भी बिजली नहीं गई थी। वीडियो कब का है, इसकी जानकारी केवल सीएमएस ही दे सकते हैं।
मामले में सीएमएस और एसआईएस से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों अधिकारी अपने चैंबर में नहीं मिले। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डा. संजय काला से भी बात नहीं हो सकी।
इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।






